रायबरेली। उत्तर प्रदेश में रायबरेली के ऊंचाहार स्थित नैशनल थर्मल पॉवर कार्पोरेशन (NTPC) के प्लांट में बॉयलर के पाइप फटने से भीषण आग लग गई। हादसे में 26 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 100 से ज्यादा मजदूर घायल हो गए हैं। वहीं कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने इस हादसे को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। राहुल गांधी आज सुबह गुजरात से रायबरेली के लिए रवाना हो चुके हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यह घटना करीब 3.00 से 3.30 बजे के बीच की बताई जा रही है। ऊंचाहार के विधायक मनोज पांडेय ने बताया कि हादसे के बाद स्थिति इतनी भयावह है कि उनके चीथड़े गिरते देख वे हैरान रह गए। बताया जा रहा है कि जिस समय हादसा हुआ उस समय प्लांट में 250 के करीब मजदूर काम कर रहे थे। जहां यह हादसा हुआ वहां 500 मेगावाट बिजली का उत्पादन होता है। कुछ श्रमिकों की हालत को नाजुक देखते हुए उन्हें लखनऊ रैफर किया गया है।
मुख्यमंत्री योगी ने प्रमुख सचिव गृह अरविंद कुमार को फोन कर घटना की जानकारी ली और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए घटना में मारे गए लोगों के परिवारीजन को दो-दो लाख रुपये, गंभीर घायलों को 50-50 हजार व मामूली रूप से घायलों को 25-25 हजार रुपये आर्थिक सहायता दिए जाने की घोषणा की है। राज्यपाल राम नाईक ने भी भीषण हादसे में लोगों की मृत्यु पर गहरा दुख जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।