![](https://www.erostimes.com/wp-content/uploads/2017/01/313182-ajay-maken.jpg)
नई दिल्ली : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता व दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री अजय माकन ने आज अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया जिसमें उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री श्री अरविन्द केजरीवाल के खिलाफ दो मामलों में सीधे संलिप्त होने के मामले को उजागर किया, जो कि सीधे तौर पर भ्रष्टाचार उन्मूलन कानून के तहत आता है। श्री माकन ने केजरीवाल से 24 घंटे के अंदर उनका जवाब मांगा है।
श्री माकन ने कहा कि 28.1.2017 को एक राष्ट्रीय चैनल को दिए गए साक्षात्कार में आप पार्टी के कन्वीनर श्री अरविन्द केजरीवाल ने यह कहा था कि चुनाव वाले राज्यों में भारतीय चुनाव आयोग रिश्वत और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही है।
श्री माकन ने कहा कि 18 महीनों के दिल्ली के कार्यकाल में केजरीवाल के मंत्रीमंडल के आधे मंत्रियों को भ्रष्टाचार के कारण अपना मंत्रीपद तथा विभाग गंवाने पड़े हैं। केजरीवाल के द्वारा माननीय चुनाव आयोग के खिलाफ दी गई टिप्पणी के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी श्री केजरीवाल से दिल्ली सरकार में चल रहे भ्रष्टाचार पर उनका जवाब मांगा क्योंकि इस भ्रष्टाचार में केजरीवाल व उसके मंत्री सीधे तौर पर लिप्त है। उन्होंने कहा कि 2015 मे दिल्ली की सत्ता में आने के पश्चात श्री केजरीवाल व उसके मंत्री सीधे तौर पर भ्रष्टाचार में संलिप्त है और प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रुप से धन-संबधी लाभ ले रहे है।